फर्जी सीआईडी अफसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

भास्कर न्यूज | कांकेर टोल टैक्स से बचने और लोगों पर दबाव बनाने के इरादे से नकली सीआईडी अफसर बनकर घूम रहे एक युवक का भांडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने आरोपी से फर्जी आईडी कार्ड और नेशनल क्राइम कंट्रोल का एक बोर्ड जब्त किया है, जिसे वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में लगाकर शहर में घूम रहा था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया। टीआई राजेश मरई ने बताया कि 21 फरवरी को आमातालाब रोड पर श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति अपनी स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक सीजी 05 एयू-6136) में नेशनल क्राइम कंट्रोल संगठन का लोगो और वाइस प्रेसीडेंट सीजी नेशनल क्राइम कंट्रोल लिखा हुआ बोर्ड लगाकर चल रहा था। वह खुद को सीआईडी अधिकारी बताते हुए आम जनता पर धौंस जमा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और कार्रवाई की। जांच के दौरान गाड़ी के डैशबोर्ड पर संगठन का लोगो और पदनाम वाला बोर्ड पाया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28), निवासी डांगरा थाना दुर्गकोंदल उत्तर बस्तर, कांकेर बताया। पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर नरेटी के पास से 2 फर्जी आईडी कार्ड जब्त किए हैं, जिनमें से एक पर क्राइम इन्वेस्टीगेशन डिपार्टमेंट और दूसरे पर क्राइम इन्वेस्टीगेशन डिटेक्टिव लिखा हुआ था। इन कार्डों में उसने खुद को नेशनल ऑफिसर बताया था। दस्तावेज मांगने पर नोटिस दिए जाने के बावजूद वह कोई वैध नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण या अधिकृत आदेश प्रस्तुत करने में असफल रहा। पुलिस ने उसके पास से दो फर्जी आईडी कार्ड नेशनल क्राइम कंट्रोल ओआरजी लिखा हुआ एक बोर्ड, एक स्कॉर्पियो वाहन और 2 मोबाइल जब्त किया है । टोल टैक्स से बचने करता था कार्ड व बोर्ड का उपयोग पुलिस पूछताछ में टिकेश्वर नरेटी ने स्वीकार किया कि उसने सितंबर 2025 में कुछ लोगों की मदद से ये फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे। वह समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान के जरिए इनकी वैधता को बनाए रखता था। उसने यह भी स्वीकारा कि टोल टैक्स से बचने और कुछ अन्य जगहों पर प्रभाव जमाने के लिए इन कार्डों और बोर्ड का उपयोग करता था। पुलिस ने टिकेश्वर नरेटी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए रविवार को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *