पाली | शहर का मंथन सिनेमा मैदान इन दिनों खरीदारी और मनोरंजन का बड़ा आकर्षण बना हुआ है। रविवार को परिवारों ने यहां पहुंचकर खरीदारी की, बच्चों और महिलाओं ने झूलों का लुत्फ उठाया और फूड जोन में नए-नए व्यंजनों का स्वाद चखा। मेले में इस बार कई नए स्टाल लगाए गए हैं। फर्नीचर, रेडिमेड कपड़ों की लेटेस्ट रेंज और घरेलू उपयोग की विभिन्न वस्तुएं खरीदारों को आकर्षित कर रही हैं। लोग फूड जोन में अपनी पसंद के स्वाद का आनंद ले रहे हैं। मेले में झूलों की विविधता बच्चों व युवाओं को खूब लुभा रही है। वहीं सजावटी आइटम, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खिलौने और किचन वेयर की रेंज भी खास आकर्षण का केंद्र है। मेले का समय सुबह 11 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित है, खरीदार सुविधा के अनुसार आ सकते हैं।


