फलोदी कलेक्टर ने निर्माणाधीन अस्पताल भवन का किया निरीक्षण:समय पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश, बोलीं- काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

फलोदी कलेक्टर श्वेता चौहान ने गुरुवार को निर्माणाधीन जिला अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और उपयोग की जा रही सामग्री का गहन अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भवन निर्माण में सभी मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। श्वेता चौहान ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों, कार्य की गति और तकनीकी मापदंडों की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रताप सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. अभिषेक अग्रवाल, डॉ. प्रेम प्रकाश, कार्यकारी संस्थान के प्रतिनिधि और सिविल इंजीनियर सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने जिला कलेक्टर को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। जिला कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कार्य की सतत निगरानी के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *