जोधपुर रोड स्थित कबीर नंदीशाला में शुक्रवार को एक हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ पौधारोपण अभियान शुरू किया गया। इस अभियान का शुभारंभ त्यागमूर्ति महाराज के सानिध्य में नगरपरिषद के पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास और पीसीसी सचिव महेश व्यास के नेतृत्व में हुआ। शाम 5 बजे तक 300 से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके थे। इस मौके पर ‘टीम महेश व्यास’ के सदस्यों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने पौधे लगाए। इस अभियान के लिए कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं, जिसमें गड्ढे खोदना भी शामिल था। पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास ने कहा- यह अभियान गौवंश के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के साथ-साथ शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महेश व्यास ने बताया कि पौधारोपण की शुरुआत प्रस्तावित चुग्गाघर परिसर से हुई है। एक सप्ताह के भीतर एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद है। चुग्गाघर के अलावा, नंदीशाला के मुख्य द्वार से लेकर आंतरिक परिसर तक पौधे लगाए जाएंगे। अभियान के तहत 3 से 4 फुट ऊंचाई के पौधे रोपे जा रहे हैं, ताकि उनके पनपने में आसानी हो। अगले तीन से चार वर्षों में ये पौधे वृक्ष बनकर नंदीशाला परिसर में पर्याप्त छाया और शुद्ध पर्यावरण प्रदान करेंगे। यह नंदीशाला नगरपरिषद द्वारा संचालित है और एक हजार से ज्यादा नंदी व गौधन का आश्रय स्थल है। यह शहर की सबसे बड़ी गौशालाओं में से एक है। नंदीशाला में पीपल, नीम, बरगद, मालाबार नीम, बांस, एरिस्टोनिया, शीशम और अमलताश जैसे छायादार वृक्ष लगाए जा रहे हैं। फलदार पौधों में चीकू, अनार, अमरूद, शहतूत, बादाम, जामुन, नींबू, बेर और गुदा शामिल हैं। चुग्गाघर क्षेत्र में विशेष रूप से फलदार पौधों का रोपण किया जा रहा है।


