कृषि विज्ञान केंद्र में कृषि सखियों के द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। इस कार्यक्रम में 80 कृषि सखियों ने भाग लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि फलोदी के संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार बंशीधर चौधरी थे और अध्यक्षता वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके बैरवा ने की। मुख्य अतिथि बंशीधर चौधरी ने कृषि सखियों की भूमिका को ग्रामीण कृषि विकास में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कृषि सखियां किसानों तक नई कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में सहायक होंगी। चौधरी ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. एसके बैरवा ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि क्षेत्र में क्षमता निर्माण और आजीविका को मजबूत करने में सहायक होते हैं। प्रशिक्षण में डॉ. प्रियंका कटारा, डॉ. गजानंद नागल, सहायक निदेशक कृषि श्याम लाल और रावल चंद पंचारिया (FMT) ने प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। डॉ. बैरवा ने सफल आयोजन के लिए सभी विशेषज्ञों, संयुक्त निदेशक कृषि और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


