फलोदी में जनगणना 2027 का प्रशिक्षण संपन्न:डिजिटल एंट्री और तकनीकी पहलुओं के बारे में बताया, 16 मई से चलेगा फीड वर्क

फलोदी जिले में आगामी जनगणना 2027 के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण जिला कलेक्टर सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के सभी उपखंड अधिकारी, जिला जनगणना अधिकारी और संबंधित चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में जनगणना की बारीकियों और तकनीकी प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की गई, साथ ही तकनीकी पहलुओं का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया। 100 फीसदी सटीकता पर काम करने का आग्रह
जयपुर से आए जनगणना विभाग के संयुक्त निदेशक पुनित महरोत्रा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताया। उन्होंने सभी संबंधित चार्ज अधिकारियों से फील्ड में डेटा संग्रहण के दौरान शत-प्रतिशत सटीकता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। ट्रेनिंग दी गई
महरोत्रा ने कहा-जनगणना 2027 मुख्य रूप से एक चरणबद्ध और डिजिटल प्रक्रिया होगी। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारियों (नगर/ग्रामीण) और अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों को सीएमएमएस पोर्टल, एचएलबीसी मैप वेब एप्लिकेशन का संचालन, स्व-गणना, एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल एंट्री, प्रपत्रों का सही संधारण और तकनीकी पोर्टल के प्रभावी उपयोग जैसे सभी तकनीकी पहलुओं का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जाएगा। स्व-गणना (Self-Enumeration) 1 मई से 15 मई तक चलेगी, जबकि प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डेटा संग्रहण का कार्य 16 मई से 14 जून तक किया जाएगा। कार्यशाला में सभी चार्ज अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। श्री महरोत्रा ने गुणवत्तापूर्ण जनगणना कार्य के लिए सभी जिला और चार्ज स्तर के अधिकारियों को प्रेरित किया। ये रहे मौजूद
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक मोहन लाल, जनगणना निदेशालय राजस्थान से पुनित महरोत्रा, जिले के समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, तथा नगर परिषद एवं जिला सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *