फलोदी में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन:जिले अब कुल 5.37 लाख मतदाता, 3.22 फीसदी की वृद्धि दर्ज

जिला निर्वाचन अधिकारी फलोदी श्वेता चौहान ने आज फलोदी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया। इस सूची के अनुसार, जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 5,37,409 हो गई है, जो प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज 5,20,658 मतदाताओं की तुलना में 3.22 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। अंतिम सूची में 2,86,088 पुरुष मतदाता, 2,51,316 महिला मतदाता और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। यह आंकड़े जिले में मतदाताओं की बढ़ती संख्या को रेखांकित करते हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि को सौंपी कॉपी
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची-2026 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) और एक हार्ड कॉपी संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर आयोजित बैठक में निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की वेबसाइटों https://election.rajasthan.gov.in और https://voters.eci.gov.in पर भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं। मतदाता ऑनलाइन EPIC सर्च के माध्यम से सूची में अपना नाम देख सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसके लिए मतदाता फॉर्म 6 (घोषणापत्र अनुलग्न-IV के साथ), फॉर्म 7 और फॉर्म 8 का उपयोग कर सकते हैं। ये फॉर्म ECINet App/Voters Portal (https://voters.eci.gov.in) पर ऑनलाइन भरे जा सकते हैं या संबंधित बीएलओ से संपर्क करके भी जमा किए जा सकते हैं। मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध अपील की जा सकती है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 और निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के तहत, प्रथम अपील अंतिम प्रकाशन की तारीख से 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है। यदि जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्टि नहीं होती है, तो द्वितीय अपील जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को प्रस्तुत की जा सकती है। यूं चला कार्यक्रम
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 कार्यक्रम घोषित किया गया था, जिसके अन्तर्गत 4 नवंबर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण के उपरान्त 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें फलोदी जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 520658 थी। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किये गये। इस अवधि में जिले फलौदी में 16202 फॉर्म-6/6A, 277 फॉर्म-7 तथा 5069 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची फॉर्म 9, 10, 11, 11ए और 11 बी में तैयार की गई और ऐसी सूचियों की एक प्रति उनके कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रत्येक कार्य दिवस को प्रदर्शित की गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपतियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से साझा की गई। यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) / मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की बेवसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध होने बाबत जानकारी प्रदान की गई। पूर्व में प्राप्त समस्त फॉर्म तथा दावे-आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि दिनांक 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 में प्राप्त समस्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *