फलोदी पुलिस ने सोलर प्लांट से केबल लूट के मामले में दो साल से फरार चल रहे नौवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। हथियार के बल पर की थी लूट यह घटना 3 अप्रैल 2024 की है। उग्रास स्थित हिताची एनर्जी सब-स्टेशन पर रात में शिवप्रताप और विकास सहित अन्य आरोपियों के साथ अंदर घुसा था। उन्होंने हथियार दिखाकर कर्मचारियों को डराया और केबल के सात ड्रम लूट लिए थे। इस संबंध में फलोदी थाने में मामला दर्ज किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और डीएसपी अचल सिंह देवड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरा राम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने प्राप्त आसूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी विकास कुमार पुत्र भाखरराम विश्नोई (26) निवासी मदासर, पुलिस थाना नोख, जिला फलोदी को गिरफ्तार किया। आठ आरोपी पहले हो चुके है गिरफ्तार आरोपी विकास को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे आगे की पूछताछ की जा रही है। इस प्रकरण में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है और वे न्यायिक हिरासत में हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में कुल नौ आरोपी पकड़े जा चुके हैं।


