फलोदी में 25,800 अफीम के पौधे बरामद:सरसों के बीच में उगाए थे, एक गिरफ्तार

फलोदी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरसों के खेत से 25,800 अफीम के हरे पौधे बरामद किए हैं। इस मामले में आरोपी मंगनाराम को गिरफ्तार किया गया है। जब्त की गई अफीम का न्यूनतम उत्पादन 125 किलोग्राम आंका गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 6 करोड़ रुपए बताई जा रही है। डीएसटी फलोदी के गंगाराम से मिली सूचना के आधार पर कार्यवाही की गई। पुलिस टीम ने सरहद ढढु में आरोपी मंगनाराम पुत्र बलवन्ताराम विश्नोई निवासी उमाणी नगर ढढू, पुलिस थाना फलोदी के खेत में दबिश दी। वहां सरसों की फसल के बीच अफीम के पौधे उगाए गए थे। पुलिस ने खेत से कुल 25,800 अफीम के हरे पौधे बरामद किए। अनुमान है कि प्रत्येक पौधे से लगभग 5 ग्राम अफीम का उत्पादन होता, जिससे कुल 125 किलोग्राम अफीम प्राप्त होती। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 6 करोड़ रुपए तक हो सकती है। आरोपी मंगनाराम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की खेती के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कम समय में अधिक धन कमाने और लग्जरी जीवन जीने के उद्देश्य से अपने खेत में सड़क के दोनों ओर सरसों की फसल के बीच अफीम की अवैध खेती कर रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *