हनुमानगढ़ में सिंचाई पानी की कमी से जूझ रहे टेल क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन से मोघों का स्तर सुधारने की मांग की है। किसानों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कहा कि मोघों का सही लेवल पर निर्माण होने से ही उनकी फसलें बच पाएंगी। किसानों ने बताया कि हनुमानगढ़ तहसील के 2 एसएसडब्ल्यू से 20 एसएसडब्ल्यू तक पक्की नहर का निर्माण हो चुका है। हालांकि, मोघे पुराने बने हुए हैं और वर्तमान नहर के स्तर से काफी नीचे हैं। इस वजह से टेल क्षेत्र तक पानी नहीं पहुंच पाता, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई नहीं मिल पाती और वे अपनी निर्धारित पानी की बारी से वंचित रह जाते हैं।
किसानों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों के सामने उठाया है। लेकिन, हर बार उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि मोघों का स्तर सुधारने के लिए जिला कलेक्टर की स्वीकृति आवश्यक है। ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि टेल क्षेत्र की भूमि में बने मोघों का सही लेवल पर पुनर्निर्माण कराने के लिए सिंचाई विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। इससे उन्हें समय पर पानी मिल सकेगा और उनकी फसलें सुरक्षित रह पाएंगी।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, जल उपयोक्ता संगम अध्यक्ष इकबाल सिंह, रणवीर, विनोद कुमार, जसविन्द्र सिंह, गुरतेज सिंह, सिमरनदीप, गोपीराम, कृष्ण, रणजीत, जयराम और धर्मचन्द सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।


