मंदसौर पुलिस ने लूट की दो घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने 4 युवकों को गिरफ्तार किया है और दो अन्य को हिरासत में लिया है। आरोपियों से लूटे हुए 3 लाख रुपए और एक कार भी बरामद की गई है। चारों आरोपी आगर मालवा जिले के निवासी हैं और महंगे शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने 3 लूट की वारदातें कबूल की हैं। पहली वारदात एसपी अभिषेक आनन्द ने बताया कि पहली घटना 24 दिसंबर 2024 को नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई थी। यहां आगर मालवा जिले के सिरपोई निवासी किशोर अपने साथी राहुल पाटीदार के साथ पिकअप से मंदसौर कृषि मंडी में लहसुन बेचने आया था। फसल बेचने के बाद वापस गांव जाते समय रूपणी चौपाटी के पास आरोपियों ने उन्हें बलेनो कार से ओवरटेक कर रुकवाया और मारपीट कर पैसे लूट लिए। दूसरी वारदात 27 दिसम्बर को राजगढ़ जिले के बांड ग्राम निवासी राचरण और अपने साथी भगवान सिंह, विराम सिंह, प्रेम मालवीय के साथ पिकअप से मंदसौर कृषि मंडी में लहसुन बेचने गए थे। फसल बेचकर वापस जाते समय रास्ते में भरपूर और हनुमंतिया के बीच लुटेरों ने उन्हें कार से ओवरटेक कर टक्कर मारी। उनके रुकने पर आरोपियों ने उन पर गो तस्करी का आरोप लगाते हुए मारपीट की और पैसे, मोबाइल लूटकर ले गए। आरोपियों ने तीसरी घटना आगर मालवा जिले के क्षेत्र में की थी। यहां भी उन्होंने फसल बेचकर आ रहे किसानों को निशाना बनाया था। किसानों के साथ हुई लूट की घटनाओं के बाद पुलिस ने टीम बनाकर आरोपियों की तलाशी शुरू की। सीसीटीवी सहित अन्य सबूतों से पता चला कि लूट की वारदातों में गाडी नं. MP09 DL2959 का उपयोग हो रहा था। इसके बाद कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए संदिग्ध आरोपी संदीप गुर्जर (18) निवासी पचेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने आपने साथी संजय गुर्जर (21), गोविन्दगुर्जर (21) और राहुल मालवीय (23) के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने चारों लुटेरों को गिरफ्तार कर किसानों से लूटे गए 3 लाख रुपए व कार बरामद कर कर लिए हैं।


