मंदसौर जिले के सीतामऊ नगर में कक्षा 10 का छात्र घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। प्राथमिक तौर पर इसे आत्महत्या के रूप में देखा गया है। बताया जा रहा है कि छात्र परीक्षा के पेपर को लेकर मानसिक तनाव में था। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र पीयूष राठौर कक्षा दसवीं का विद्यार्थी था। 2 मार्च को उसका सामाजिक विज्ञान का पेपर था। परिजनों के अनुसार, पेपर अच्छा नहीं जाने के कारण वह परेशान चल रहा था। उसका अगला पेपर 6 तारीख को निर्धारित था, जिसकी तैयारी को लेकर घर में चर्चा हो रही थी। पढ़ाई को लेकर पिता ने लगाई थी हल्की डांट
बुधवार को जब पीयूष घर पर था, इसी दौरान उसके पिता लक्ष्मीनारायण ने उसे आगामी परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ाई करने को कहा और हल्की फटकार लगाई। इसके बाद पीयूष अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। करीब एक घंटे तक जब पीयूष कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी प्रयासों के बाद जब दरवाजा खोला गया तो परिजनों के होश उड़ गए। पीयूष कमरे में शर्ट से बनाए गए फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला परीक्षा परिणाम को लेकर मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है।


