भास्कर न्यूज | बंडामुंडा उस नवविवाहिता ने डी-सेक्टर स्थित क्वार्टर संख्या 292 में पंखे पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने महिला के पति और देवर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार राउरकेला सेक्टर 19 के ई/26 के निवासी निरंजन सतपति की बेटी शुभश्री सतपति का विवाह 10 दिसंबर 2023 को रेल कर्मी आशीष पाणिग्रही के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद से ही शुभश्री सतपति को उसके पति आशीष द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद भाई अमित सतपति ने महिला के पति आशीष पाणिग्रही के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मृतक के मायके वालों ने आशीष पर आरोप लगाया कि वह और उसका छोटा भाई चंदन पाणिग्रही शुभश्री को प्रताड़ित करते थे। परिवार के लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शादी से पहले से आशीष का किसी महिला से संबंध था। शादी के बाद भी आशीष ने अपने पत्नी के रहते हुए भी महिला के साथ रिश्ता बनाए रखा था। जिस कारण शुभश्री और आशीष के बीच कई बार कहा सुनी हो चुकी है। बंडामुंडा पुलिस ने आशीष पाणिग्रही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर पहुंच कर पड़ताल करती पुलिस।