भास्कर न्यूज |लुधियाना निजी फाइनेंस कंपनियों की दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। किस्तें जमा न कर पाने पर एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई। थाना हैबोवाल की पुलिस ने निखिल जैन वासी एकता विहार की शिकायत पर इकबाल सिंह, सुरिंदर सिंह और रमनजोत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने महावीर फाइनेंस कंपनी से करीब 1.50 लाख रुपए ब्याज पर लिए थे। घर की आर्थिक हालत खराब होने के कारण वह समय पर किस्तें जमा नहीं कर पाया। इसके बाद कंपनी का मैनेजर रमनजोत उसे लगातार फोन कर जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देने लगा। पीड़ित के अनुसार, 18 फरवरी को वह एक्टिवा पर सवार होकर एकता विहार स्थित अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह कॉलोनी के मुख्य गेट के पास पहुंचा, वहां मौजूद इकबाल सिंह और कुलवंत सिंह ने उसे रोक लिया। आरोप है कि इकबाल सिंह जबरन उसकी एक्टिवा पर पीछे बैठ गया और डरा-धमकाकर उसे चौड़ा बाजार स्थित मिनर्वा मार्केट में कंपनी के दफ्तर ले गया। दफ्तर पहुंचते ही वहां मौजूद आरोपियों ने तालिबानी रवैया अपनाया। पीड़ित का आरोप है कि इकबाल सिंह और सुरेंद्र सिंह ने उसे एक कमरे में बंधक बना लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने उसे घंटों तक अवैध हिरासत में रखा और जान से मारने की धमकियां दीं। पीड़ित किसी तरह वहां से बचकर बाहर निकला और पुलिस को शिकायत दी। थाना हैबोवाल की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


