फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ने डेढ़ लाख से अधिक हड़पे:हिसाब मांगने पर लीगल मैनेजर से मारपीट की;मामला दर्ज

शहर की एक फाइनेंस कंपनी के पूर्व कर्मचारी पर डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा हड़पने और मारपीट करने का आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश के बाद थाना एनईबी में मामला दर्ज किया गया है। SK फाइनेंस लिमिटेड की अलवर शाखा की तरफ से लीगल मैनेजर प्रगट सिंह ने एसीजेएम नंबर-02, अलवर कोर्ट में शिकायत दी। कंपनी का कहना है कि उनकी अलवर ब्रांच में कलेक्शन विभाग में काम करने वाले कर्मचारी जतिन सिंह नरूका ने ग्राहकों से वसूली गई किश्तों के पैसे कंपनी में जमा नहीं कराए और खुद रख लिए। एरिया लीगल मैनेजर नितेश मुदगल ने बताया की आरोपी ने 30 और 31 अगस्त 2025 को अलग-अलग ग्राहकों से कुल 2 लाख 21 हजार 452 रुपये इकट्ठा किए थे। आरोप है कि ये पैसे खातों में जमा नहीं कराए गए। बाद में 3 सितंबर को 28 हजार 500 रुपये और 16 सितंबर को 40 हजार रुपये जमा कराए गए, लेकिन 1 लाख 52 हजार 952 रुपये अब तक जमा नहीं किए गए। कंपनी का कहना है कि कर्मचारी को पहले भी गड़बड़ी के मामले में कई बार चेतावनी दी गई थी। 24 और 27 सितंबर 2025 को नोटिस भी भेजा गया, लेकिन सही जवाब नहीं मिलने पर 1 अक्टूबर 2025 को उसे नौकरी से निकाल दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 24 अक्टूबर 2025 को सानिया अस्पताल के पास जब कंपनी के लीगल मैनेजर ने उससे बाकी पैसे के बारे में पूछा तो उसने गाली-गलौच की और धक्का-मुक्की कर मारपीट की। पैसे देने से इनकार कर दिया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। कंपनी ने पहले 27 अक्टूबर को थाना एनईबी में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 3 नवंबर को पुलिस अधीक्षक, अलवर को डाक से शिकायत भेजी गई। फिर कोर्ट में धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत अर्जी लगाई गई। कोर्ट के आदेश पर अब थाना एनईबी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *