भास्कर न्यूज | अलवर एनईबी थाना पुलिस में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के पूर्व कर्मचारी पर 1.50 लाख रुपए हड़पने व मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार एसके फाइनेंस लिमिटेड शाखा अलवर के लीगल मैनेजर प्रगट सिंह ने इस्तगासे के जरिए शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उल्लेख है कि ब्रांच में कलेक्शन विभाग में कार्यरत कर्मचारी जतिन सिंह नरूका ने ग्राहकों से वसूली किस्तों के रुपए जमा नहीं कराए और खुद के पास रख लिए। आरोपी ने 30 व 31 अगस्त 2025 को अलग-अलग ग्राहकों से 2 लाख 21 हजार 452 रुपए एकत्र किए थे। ये रुपए खातों में जमा नहीं कराए गए। बाद में 3 सितंबर को 28 हजार 500 रुपए और 16 सितंबर को 40 हजार रुपए जमा कराए गए, लेकिन 1 लाख 52 हजार 952 रुपए अब तक जमा नहीं किए गए। रिपोर्ट में लिखा कि आरोपी कर्मचारी को पहले भी गड़बड़ी करने पर चेतावनी दी थी। इसके बाद उसे 1 अक्टूबर 2025 को नौकरी से हटा दिया।


