सलूंबर थाना क्षेत्र में एक फाइनेंस कर्मचारी को किडनैप कर 24 लाख रुपए की डिमांड करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फाइनेंसकर्मी को कार में डाला और डरा-धमकाकर उदयपुर की धोल की पाटी स्थित एक फ्लैट में ले गए। मोबाइल छीनकर 24 लाख रुपए की डिमांड की। फाइनेंस कर्मचारी मनोहरलाल गर्ग (55) निवासी देवगांव की पत्नी सजना देवी ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया- आरोपी लाला और उसके साथी ने उनके पति मनोहर से उसके मोबाइल पर कॉल किया और पैसे भेजने का दबाव बनाया। आरोपी उससे बोले- पैसे मिलने के बाद ही तुम्हारे पति को छोड़ेंगे। आरोपी ने उसके बेटे जिग्नेश गर्ग को फोन किया और पैसे नहीं देने पर उसका भी किडनैप करने की धमकी दी। उदयपुर एक फ्लैट में बंद कर दिया पीड़ित मनोहरलाल गर्ग ने बताया- रविवार दोपहर को आरोपी लाला ने मुझे फोन करके बुलाया। आरटीओ दफ्तर के बाहर हम मिले। उसने मुझे जबरन अपनी कार में बैठाया। मैंने कारण पूछा तो बोला कि उदयपुर घूमकर आते हैं। फिर कार मेरा मोबाइल छीन लिया और मुझे उदयपुर में धोल की पाटी स्थित एक फ्लैट पर ले गए। जहां मुझसे 24 लाख रुपए देने की डिमांड करने लगे। आरोपियों ने इसके लिए मेरी पत्नी को फोन किया तो वह बुरी तरह घबरा गई। पत्नी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस का कॉल मेरे मोबाइल पर आया। तब जाकर आरोपी मुझे वापस सलूंबर उसी जगह छोड़कर फरार हो गए। जहां से मुझे किडनैप किया था। आपसी लेन-देन का मामला सलूंबर थानाधिकारी मनीष खोईवाल ने बताया- मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है। प्राथमिक जांच में ये मामला आपसी लेनदेन का लग रहा है। आरोपियों ने पीड़ित को किडनैप किया और उसे डरा- धमकाते हुए 24 लाख रुपए की डिमांड की। उदयपुर एक फ्लैट में ले जाकर बंद किया। मामले में जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इनपुट: दीपक पटेल, सलूंबर


