झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने शुक्रवार को भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचे निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्र में हलचल रही। वहीं स्वास्थ्यकर्मियों ने मंत्री का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बाह्य रोगी विभाग, जांच कक्ष, कुपोषण उपचार केंद्र, प्रसूति कक्ष तथा दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न इकाइयों का विस्तार से अवलोकन किया। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कई मरीजों से सीधे संवाद कर यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें उपचार में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। मरीजों ने मंत्री को बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से चिकित्सक उपलब्ध रहते हैं और आवश्यक दवाएं भी मिल रही हैं। निरीक्षण के दौरान मंत्री एवं उनकी टीम ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत फाइलेरिया की दवा का सेवन कर आम लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया जैसी बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए सभी लोगों को दवा अवश्य लेनी चाहिए और स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर एक भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिला, जब मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र में जन्मी एक नवजात बच्ची को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया तथा मुंह दिखाई के रूप में नगद राशि भेंट की। उपस्थित लोगों ने मंत्री के इस आत्मीय व्यवहार की सराहना की। मंत्री ने प्रभारी चिकित्सक डॉ. संजय कुमार एवं सभी स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में भी यहां बेहतर सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसी दौरान उन्होंने समय निकालकर भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो, झारखंड प्रभारी श्रीवेली प्रसाद, डॉ प्रदीप बालमुचू, डॉ आकाश कुमार, मुकेश गुप्ता सहित स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


