केंद्र सरकार की पीएम श्री स्कूल योजना के तहत पंजाब के सरकारी स्कूलों की सुविधाएं बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी योजना के अंतर्गत अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को इंटरस्टेट टूर की सुविधा भी दी जा रही है, ताकि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ बाहरी दुनिया को समझने और नई चीजें सीखने का अवसर मिल सके। इसी कड़ी में फाजिल्का जिले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी लड़कियों के स्कूल की करीब 50 छात्राओं को पीएम श्री योजना के तहत राजस्थान के जयपुर का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस टूर के दौरान छात्राओं को जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे म्यूजियम, जंतर-मंतर, पैलेस और अन्य ऐतिहासिक जगहों पर ले जाया गया, जहां उन्होंने भारत की संस्कृति और इतिहास को नजदीक से देखा। प्रिंसिपल बोली- पहली बार इंटरस्टेट टूर का अवसर मिला स्कूल की प्रिंसिपल स्वतंत्रता पाठक ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत स्कूल को पहली बार इंटरस्टेट टूर का अवसर मिला। इस टूर के लिए पत्र जारी होने के बाद स्कूल की चयनित और इंटेलिजेंट छात्राओं को बस के माध्यम से जयपुर भेजा गया। पांच दिन के इस भ्रमण के दौरान छात्राओं को ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल की सुविधा दी गई। इसके साथ ही खाने-पीने में भी बच्चों की पसंद के अनुसार मेनू रखा गया। प्रिंसिपल ने बताया कि बच्चों की हर जरूरत का ध्यान रखा गया और सुबह से लेकर शाम तक उन्हें विभिन्न स्थानों पर घुमाया गया। टूर के दौरान स्कूल के अध्यापक अनिल और अध्यापिका दीपक भी छात्राओं के साथ मौजूद रहे। टूर से लौटने के बाद छात्राओं ने खुशी जाहिर की और बताया कि उन्हें इस यात्रा से काफी कुछ सीखने को मिला। स्कूल प्रशासन का कहना है कि ऐसी सुविधाएं बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।


