शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए नगर कौंसिल ने बड़े फैसले लिए हैं। शनिवार को हुई हाउस की मीटिंग में शहर में डॉग शेल्टर बनाने और आवारा कुत्तों के टीकाकरण के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। नगर कौंसिल अध्यक्ष एडवोकेट सुरिंदर सचदेवा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर की सुविधाओं को सुधारने के लिए 15 प्रस्ताव पारित किए गए। मीटिंग के दौरान अध्यक्ष सुरिंदर सचदेवा ने बताया कि शहर में पानी की निकासी को ठीक करने के लिए बरसाती नालों और करीब 10 किलोमीटर लंबी सीवरेज की मुख्य लाइन की मशीनों से सफाई करवाई जाएगी। इसके अलावा, गुरु नानक कॉलोनी के घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई वोल्टेज तारों को हटाने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए बिजली विभाग को पत्र लिखा गया है। मीटिंग में विकास कार्यों के साथ-साथ लोगों को मालिकाना हक दिलाने का मुद्दा भी उठा। एडवोकेट सचदेवा ने कहा कि नगर कौंसिल ने साल 2022 में ही प्रस्ताव पास कर करीब 400 दुकानों और 731 रिहायशी मकानों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देने की सिफारिश की थी। उन्होंने कहा कि सवा तीन साल बीत जाने के बाद भी सरकार से इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है। सचदेवा ने कहा कि कौंसिल अपना वादा पूरा कर चुकी है, लेकिन अब सरकार की हरी झंडी का इंतजार है। नगर कौंसिल के ईओ वीर विक्रम धूड़िया ने बताया कि मीटिंग में नई मशीनरी खरीदने, कर्मचारियों के ठेके बढ़ाने और शहर के रखरखाव से जुड़े सभी जरूरी प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें पास कर दिया गया है। बैठक में मौजूद पार्षदों ने भी अपने वार्डों की समस्याएं रखीं, जिन्हें जल्द हल करने का भरोसा दिया गया।


