फाजिल्का जिले के अबोहर में एक हलवाई पर हमला कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। थाना नंबर वन पुलिस ने बाबा कॉलोनी निवासी विकास कुमार और संत नगर निवासी राजीव कुमार को काबू किया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी रविन्द्र भीटी ने बताया कि कल राजन निवासी भगवानपुरा ने शिकायत दर्ज कराई थी। राजन हलवाई का काम करता है। उसने बताया कि रात करीब 1 बजे जब वह पैलेस से घर लौट रहा था, तब जोहड़ी मंदिर के निकट चावला स्टूडियो के पास तीन युवकों ने उसे रोका। बाइक सवार के साथ की लूट इस दौरान युवकों ने राजन के साथ मारपीट की और उसकी बाइक रुकवा ली। उन्होंने राजन से उसके पास मौजूद सारा सामान देने को कहा। जब उसने विरोध किया, तो हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया और नकदी लूट ली। घटना के तुरंत बाद, पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की। 24 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार तकनीकी माध्यमों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर ली। पता चला कि विकास कुमार और राजीव कुमार ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 309 (6), 115 (2), 126 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। लूट के कई मामले दर्ज थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार और मीडियाकर्मियों को आरोपियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया था, जिसे पूरा कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए आरोपी नशे के आदी हैं और उन पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर कड़ी पूछताछ करेगी, जिससे और भी लूट की घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।


