फाजिल्का पुलिस पर बुजुर्ग से मारपीट का आरोप:खेत में हुआ बेहोश, किसान का चल रहा इलाज, बोला-जबरदस्ती ले जाने की कोशिश

फाजिल्का के जलालाबाद में थाना वैरोका पुलिस पर एक गंभीर आरोप सामने आया है। गांव सड़ीयां के एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पुलिस पर बिना किसी आरोप के उसे पकड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित बुजुर्ग वर्तमान में सरकारी अस्पताल में भर्ती है, जहां से वह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। पीड़ित सुरजीत सिंह ने बताया कि 25 अप्रैल की सुबह लगभग 7 बजे वह अपने खेत में पशुओं का चारा लेने गया था। इसी दौरान थाना वैरोका पुलिस की गाड़ी में सवार एएसआई और पांच अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे और उसे जबरदस्ती ले जाने का प्रयास करने लगे। सुरजीत का कहना है कि उसके भाइयों का बिजली के खंभे को लेकर हुए विवाद से उसका कोई लेना-देना नहीं है। खेत में बेहोश होकर गिरा
सुरजीत के अनुसार, उसके भाइयों के विरोधी पक्ष के कुछ लोग भी पुलिस के साथ थे। काफी संघर्ष के बाद वह खेत में बेहोश होकर गिर गया। उसने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस दौरान पुलिस की गाड़ी खेत में फंस गई, जिसे ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया। अब सरकारी अस्पताल में भर्ती सुरजीत न्याय की गुहार लगा रहा है। एसएचओ कर रहे जांच
थाना वैरोका के एसएचओ परमजीत सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले से कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। घायल व्यक्ति का नाम इसमें शामिल है या नहीं, यह एमएलआर मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार आगे की कार्रवाई
एसएचओ ने आश्वासन दिया है कि जांच में यदि कोई भी पुलिस कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी निष्पक्षता से जांच करने का दावा कर रहा है। फिलहाल, पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *