फाजिल्का जिले की मंडी अरनीवाला के मुख्य बाजार में एक आढ़ती से लूटपाट की घटना सामने आई है। आढ़ती अशोक कुमार अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे, तभी किसान बनकर आए दो बदमाशों ने उनसे 65 हजार रुपए से भरा कैश बैग छीन लिया और फरार हो गए। इस दौरान धक्कामुक्की और हाथापाई के चलते आढ़ती अशोक कुमार नीचे गिर गए, जिन्हें चोट भी आई। फिलहाल उनके द्वारा शिकायत पुलिस को दी गई है और कार्रवाई की मांग की गई है। आढ़ती अशोक कुमार ने बताया कि, दुकान बंद करने के बाद जब वे घर जाने लगे, तभी दो युवक उनके पास आए। उन्होंने नरमा (कपास) बेचने की बात कही। इससे पहले कि आढ़ती कुछ कहते युवकों ने उनके हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया। बैग में लगभग 65 हजार रुपए थे। बदमाशों ने की धक्का-मुक्की लूटपाट के दौरान बदमाशों ने अशोक कुमार के साथ धक्का-मुक्की और खींचतान भी की, जिससे वे जमीन पर गिर गए और उनकी बाजू में चोट लग गई। बदमाश मौके का फायदा उठाकर बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस से न्याय और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। आरनीवाला थाना के एसएचओ परमजीत कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अशोक कुमार द्वारा उन्हें शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


