फाजिल्का जिले के मलोट रोड पर कल रात एक चलती कार में तकनीकी खराबी के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। हालांकि, कार में सवार दंपति बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, अबोहर की गोबिंद नगरी गली नंबर 6 निवासी दपिंदर सिंह अपनी पत्नी के साथ अपनी क्रेटा कार में गोबिंदगढ़ के पास बनी फूड मार्केट से सामान लेकर लौट रहे थे। जब वे मलोट रोड पर शिवम ढाबे के पास पहुंचे, तो कार में अचानक तकनीकी खराबी के कारण स्पार्किंग होने लगी।
धू-धू कर जलने लगी कार दपिंदर सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। उन्होंने पहले अपनी पत्नी को बाहर निकाला, फिर कार की खिड़कियां खोलीं और खुद भी बाहर आ गए। उनके कार से बाहर आते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार धू-धू कर जलने लगी।
दमकल ने पाया आग पर काबू इस घटना को देख मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन काफी दूरी पर ही रुक गए, ताकि आग के कारण किसी संभावित धमाके से बचा जा सके। आसपास के लोगों की मदद से दमकल विभाग को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही सिटी वन पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दंपति को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।


