फाजिल्का जिले के जलालाबाद के गांव घांगा कलां में एक पालतू कुत्ते की हत्या का आरोप सामने आया है। जहां आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते गांव के ही एक परिवार ने कुत्ते पर हमला कर उसकी जान ले ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुखविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने 2017 से ‘शेरू’ नाम का एक कुत्ता पाला था, जिसे वे अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते थे। उन्होंने बताया कि शेरू ने कभी किसी बच्चे को नहीं काटा और पूरे गांव में उसकी अच्छी पहचान थी। चुनावी रंजिश में वारदात का आरोप सुखविंदर का आरोप है कि गांव के इंद्रजीत के परिवार से उनकी चुनावी रंजिश है, जिसके चलते उन्होंने शेरू को घेरकर हमला किया और उसके सिर में चोट मारकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। दूसरे पक्ष ने आरोपों को नकारा वहीं, दूसरे पक्ष के इंद्रजीत सिंह ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि जब कुत्ते की मौत हुई, वे घर पर नहीं थे और पशुओं का चारा लेने खेत गए हुए थे। इंद्रजीत ने आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश के कारण उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुत्ता पिटबुल नस्ल का था, जिसे घर पर बांधकर रखना होता है और खुले में नहीं छोड़ा जा सकता। मामले की जांच में जुटी पुलिस मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी विश्लेष कुमार ने बताया कि सुखविंदर सिंह द्वारा उन्हें शिकायत दर्ज करवाई गई कि उनके पालतू कुत्ते की इन्द्रजीत सिंह व अन्य लोगों द्वारा हत्या की गई है । जिसपर उनके द्वारा मामले में जांच पड़ताल की जा रही है और सारा मामला सीनियर अधिकारियों के ध्यान में लाया जा रहा है । जिसके बाद बनती कार्रवाई की जाएगी ।


