फाजिल्का जिले की अबोहर में ड्यूटी के दौरान पुलिस विभाग के कांस्टेबल मदनलाल निवासी गांव रायपुर का निधन हो गया। कांस्टेबल मदनलाल नियमित गश्त पर तैनात थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण साइलेंट अटैक या हार्ट फेल बताया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। कांस्टेबल मदनलाल एक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित पुलिसकर्मी के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं और अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाई। शव पोर्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया उनके असामयिक निधन से न केवल पुलिस विभाग बल्कि उनका परिवार भी गहरे सदमे में है। वे अपने पीछे दो बच्चों सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। थाना भावावाला पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। मौके पर मिली परिस्थितियों के आधार पर प्रथम दृष्टया हार्ट फेल की आशंका जताई जा रही है। मामले की पूरी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। पुलिस प्रशासन ने मृतक के परिजनों को मौके पर बुला लिया है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अबोहर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।


