फाजिल्का जिले में अबोहर की थाना नंबर एक पुलिस ने बुधवार देर रात गश्त के दौरान तीन युवकों को घातक हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, थाना नंबर एक के हवलदार स्वराज सिंह पुलिस टीम के साथ गुरुद्वारा नानकसर टोभा के पास रात गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक हथियारों से लैस होकर अनाज मंडी क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सूचना में बताया गया कि ये युवक एक बाइक पर सवार थे और उनके पास तेजधार हथियार थे। तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपियों पर पहले से मामले दर्ज पकड़े गए आरोपियों की पहचान धर्मनगरी गली नंबर 12 के रहने वाला हरिदर्शन बिश्रोई, सर्कुलर रोड गली नंबर 15 के मोक्ष पंडित और संत नगर गली नंबर 2 का रहने वाला प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन तीनों युवकों के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े के कई मामले दर्ज हैं। आर्म्स एक्ट के तहत केस तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक धारदार हथियार, एक कापा और एक लोहे की गरारी लगी हुई पाइप बरामद की गई। इन हथियारों को जब्त कर पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। जारी रहेगा अभियान पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


