पंजाब के फाजिल्का जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित गांव करनीखेड़ा के पास नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव की जानकारी सबसे पहले एक किसान को मिली, जो अपने पशुओं के लिए चारा लेने खेत गया था। किसान ने जैसे ही नहर में तैरता हुआ शव देखा, उसने आसपास के लोगों को सूचित किया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पहचान कराने में जुटी पुलिस फाजिल्का के डीएसपी तरसेम मसीह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि शव को नहर से निकालकर फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेजा जाएगा। वहां पोस्टमॉर्टम के साथ मृतक की पहचान की कोशिश की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन है और उसका शव नहर में कैसे पहुंचा। मामले की जांच जारी है।


