पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद के गांव महालम और ढाणी प्रेम सिंह सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस और एक्साइज विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस छापेमारी के दौरान टीम ने खेतों, घरों और छप्पड़ के पास दबिश दी, जहाँ भारी मात्रा में जमीन के नीचे दबाई गई अवैध लाहन की डिग्गियां बरामद हुईं। हैरानी की बात यह रही कि शराब तस्करों ने पकड़ से बचने के लिए ढाणी प्रेम सिंह में पंचायती पार्क की जमीन के अंदर भी लाहन की डिग्गियां छिपा रखी थीं। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही करीब 3200 लीटर लाहन बरामद की और उसे तुरंत नष्ट कर दिया। इसके साथ ही जमीन में बनी अवैध डिग्गियों को भी पूरी तरह तोड़ दिया गया है। पुलिस और एक्साइज विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब का धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि इन इलाकों में बड़े स्तर पर शराब तैयार की जा रही है, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से रेड की गई। फिलहाल पुलिस ने बरामदगी के आधार पर अज्ञात और संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी।


