प्रसिद्ध पंजाबी गायक हरभजन मान हाल ही में फाजिल्का पहुंचे, जहां उनके प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। गायक को बाजार में अपनी गाड़ी से उतरते ही प्रशंसकों ने घेर लिया और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्सुक दिखे। बताया जा रहा है कि हरभजन मान विशेष रूप से पंजाबी जुत्ती खरीदने के लिए फाजिल्का आए थे। उन्होंने फाजिल्का के प्रसिद्ध और हाथों से कलाकारी कर जुत्ती तैयार करने वाले मनीराम की दुकान पर जाकर अपनी पसंद की जुत्तियां खरीदीं और कुछ नए जोड़ों के लिए ऑर्डर भी दिया। मनी राम दी हट्टी के संचालक दीपक कुमार ने बताया कि उनका परिवार 125 वर्षों से पंजाबी जुत्ती बनाने के व्यवसाय में है। उन्होंने यह भी बताया कि हरभजन मान से पहले भी कई बड़े राजनेता और कलाकार, जैसे कि गुरप्रीत घुग्गी, उनकी दुकान से जुत्तियां खरीदते रहे हैं।
दीपक कुमार ने यह भी खुलासा किया कि गुरदास मान ने विराट कोहली की शादी में पहनने के लिए यहां से एक पंजाबी जुत्ती खरीदी थी, जो वीडियो में भी दिखाई दी थी। हरभजन मान ने बताया कि उन्हें पहले भी जुत्तियां मिली थीं, लेकिन वे आरामदायक नहीं थीं। फाजिल्का से मिली जुत्ती उन्हें पसंद आई, जिसके बाद उन्होंने खुद आकर मनीराम की हट्टी से तीन जोड़े खरीदे और तीन और जोड़ों का ऑर्डर दिया।


