फाजिल्का में फेसबुक पर दोस्ती कर 34.46 लाख ठगे:बहाने बनाकर रुपए मांगती रही महिला, झूठे केस में फंसाने की दी धमकी

फाजिल्का जिले के अबोहर इलाके में एक ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। एक महिला ने फेसबुक के जरिए दोस्ती कर एक व्यक्ति से करीब 34 लाख 46 हजार रुपए की ठगी कर ली। शिकायतकर्ता गांव कुंडल के रहने वाले अनूपिंदर सिंह ने फाजिल्का साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अनूपिंदर सिंह पेशे से किसान हैं और खेतीबाड़ी का काम करते हैं। उनकी फेसबुक पर नेहा शर्मा नामक महिला से दोस्ती हुई। नेहा ने खुद को उनकी दोस्त बताया, जबकि राकेश कुमार नामक व्यक्ति ने खुद को नेहा का दोस्त और अजीत कुमार ने खुद को नेहा का पिता बताया। तीनों ने मिलकर साजिश रची और अनूपिंदर सिंह को अपने जाल में फंसाया। ठगी की शुरुआत 24 दिसंबर 2024 को हुई, जब नेहा ने अनूपिंदर से 1000 रुपए मांगे, जिसे उन्होंने नेहा के पिता के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद नेहा ने 10 हजार रुपए की मांग की, जिसे भी अनूपिंदर ने भेज दिया। नेहा फोन और फेसबुक मैसेज के जरिए लगातार उनसे बात करती रही, विश्वास जीतती रही और विभिन्न बहानों से बार-बार पैसे मांगती रही। विभिन्न बैंक खातों में कुल 34 लाख 46 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। रुपए वापस मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी जब अनूपिंदर सिंह ने पैसे वापस मांगे, तो नेहा ने उन्हें धमकियां देनी शुरू कर दीं और झूठे आरोपों में फंसाने की बात कही। इसके अलावा, नेहा ने एक और साजिश रची। उसने दावा किया कि उसके पास डेढ़ किलो सोना है, जो वह अनूपिंदर को दे देगी, लेकिन बदले में कुछ पैसे चाहिए। अनूपिंदर ने और रकम भेज दी। नेहा ने बताया कि वह बस में सवार होकर उनके पास आ रही है। कुछ समय बाद फोन आया कि रास्ते में पुलिस ने नेहा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को पेमेंट करनी होगी और सोना सुपुर्दगी पर कोर्ट से लेना होगा। इसके लिए अनूपिंदर ने और पैसे भेजे। जब उन्होंने सबूत मांगा, तो नेहा ने फर्जी अदालती आदेश भेजा। बाद में पता चला कि यह सब फर्जी था। इसके बाद आरोपियों ने अपना नंबर स्विच ऑफ कर लिया और संपर्क टूट गया। पुलिस ने दर्ज किया केस फाजिल्का साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की असली पहचान, लोकेशन और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, नेहा शर्मा ने अपना पता उत्तर प्रदेश का बताया था। यह मामला ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों का एक और उदाहरण है, जिसमें सोशल मीडिया पर बनाई गई दोस्ती का दुरुपयोग कर लोगों को ठगा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *