फाजिल्का जिले में अबोहर के गांव काला टिब्बा में एक विवाहिता के साथ उसके सास-ससुर ने मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने बहू को सुंदर न होने का ताना मारा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पति ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय लवदीप कौर की शादी ढ़ाई साल पहले काला टिब्बा निवासी मंदर सिंह से हुई थी। शादी के बाद उनके घर एक बेटे का जन्म हुआ। लवदीप का आरोप है कि उसके सास-ससुर अक्सर उसे सुंदर न होने के लिए प्रताड़ित करते हैं। सास-ससुर ने मारपीट कर फाड़े कपड़े घटना शुक्रवार सुबह की है। जब लवदीप कपड़े धो रही थी। वह दुकान से सर्फ लेकर लौटी तो सास-ससुर ने उससे विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की। लवदीप का आरोप है कि ससुर ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पति ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़िता ने अपने परिजनों को सूचना दी। उसके भाई अजय ने आकर उसे अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


