पंजाब के फाजिल्का में दो बहादुर युवकों ने नहर में कूदकर एक नवविवाहिता की जान बचाकर मिसाल कायम की है। इस काम को लेकर एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ ने इन युवकों को सम्मानित किया है। घटना फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर गांव झुग्गे लाल सिंह के पास की है। यहां एक नवविवाहिता ने घरेलू विवाद के चलते लाधूका के पास नहर में कूदकर जान देने की कोशिश की। मौके पर मौजूद गांव के ही दो युवक साजन और सूजल सिंह ने यह देखा। एसएसपी ने ऑफिस बुलाकर किया सम्मानित दोनों युवकों ने बिना समय गंवाए महिला के पीछे नहर में छलांग लगा दी। उन्होंने महिला को नहर से बाहर निकाला। फिर तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी जान बच गई। एसएसपी ने अपने दफ्तर में दोनों युवकों को सम्मान चिह्न देकर उनकी बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इंसान की जान बेहद कीमती होती है। इन युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक महिला की जान बचाई है। यह सम्मान पाने के वे पूरी तरह हकदार हैं।


