कोटगेट थाना पुलिस ने रानीबाजार में कार में सवार युवकों पर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को बाजार में पैदल घुमाया और कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया है। मंगलवार को सायंकाल रानीबाजार में मीना नर्सिंग होम वाली रोड पर कार में सवार सोहेल और अनस पर फायरिंग की गई थी। सोहेल गोली लगने से घायल हो गया जिसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोटगेट थाना पुलिस ने इस मामले में धोबीतलाई निवासी मुशरफ और सवाई सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुरुवार को फायरिंग के दोनों आरोपियों को पकड़कर एमजी (केईएम) रोड पर और कचहरी परिसर में पैदल घुमाया। वहां से दोनों को कोर्ट ले गया गया और पीठासीन अधिकारी के समक्ष पेश कर दो दिन का रिमांड लिया है। एसएचओ मनोज शर्मा ने बताया कि दोनों अभियुक्तों से अवैध हथियार और वारदात में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में चेतन सिंह को गिरफ्तार कर देशी पिस्टल बरामद की थी। उसे भी कोर्ट में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया है। 10 जिंदा कारतूस बरामद, दो अभियुक्त गिरफ्तार सदर और कोतवाली थाना पुलिस ने 10 जिंदा कारतूस बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सदर थाना पुलिस ने पुरानी गिन्नाणी निवासी निर्मल कुमार को गिरफ्तार कर पांच कारतूस बरामद किए। कोतवाली थाना पुलिस ने भी पुरानी गिन्नाणी निवासी राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।


