फायर ब्रिगेड से लोगों पर डाला रंग:मंदसौर में होली पर शहर में एक-दूसरे को गुलाल लगाई; 700 पुलिस वालों ने संभाली व्यवस्था

मन्दसौर में बुधवार को रंगों का पर्व होली जिलेभर में बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। युवा, बच्चे और बुजुर्ग—हर वर्ग के लोग होली के रंग में रंगे नजर आए। सुबह से लेकर शाम तक शहर की गलियों, चौराहों और मोहल्लों में रंग-गुलाल उड़ता रहा और लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्यौहार की खुशियां साझा कीं। अष्टमुखी पशुपतिनाथ मंदिर और बस स्टैंड स्थित बड़े बालाजी मंदिर में भी होली का विशेष आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक एकत्रित हुए और विधि-विधान के साथ रंगोत्सव मनाया। ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। सुरक्षा के सख्त इंतजाम, 700 से ज्यादा जवान तैनात
होली पर रंग में भंग न पड़े, इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। जिलेभर में 700 से अधिक पुलिसकर्मी एवं रिजर्व बल ‘एक्टिव मोड’ में तैनात रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। शहर में चार पहिया एवं दो पहिया मोबाइल पार्टियां लगातार भ्रमण करती रहीं। पुलिस द्वारा पूर्व में ही असामाजिक तत्वों को रेड नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई थी कि हुड़दंग करने वालों को शेष होली जेल में बितानी पड़ेगी। 150 सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से रखी गई नजर
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर सहित जिलेभर की गतिविधियों पर नजर रखी गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी निगाह रही, जिससे शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रही। नगरपालिका की विशेष तैयारी
नगरपालिका द्वारा भी दो दिनों की विशेष तैयारी की गई थी। शहर में पानी की अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई ताकि रंगोत्सव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया। तस्वीरें देखिए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *