भोपाल के तात्या टोपे (TT) नगर स्टेडियम में रविवार की सुबह ‘फिटनेस’ और ‘एकता’ के नाम रही। श्री सत्य साई सेवा समिति द्वारा आयोजित स्प्रिट ऑफ यूनिटी’ मैराथन में हजारों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस निशुल्क आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। ठंड के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। सुबह 5 बजे से ही लोग स्टेडियम पहुंचना शुरू हुए। दौड़ शुरू होने से पहले विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में जुंबा और वार्म-अप एक्सरसाइज का सत्र आयोजित किया गया, जिसमें हर उम्र के लोग संगीत की धुन पर थिरके। तीन श्रेणियों में हुई प्रतियोगिता
आयोजन को समावेशी बनाने के लिए इसे तीन श्रेणियों 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर में विभाजित किया गया था। समिति के अनुसार, इस दौड़ के लिए लगभग 3800 लोगों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन करा लिया था। दौड़ पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को उनके जज्बे के सम्मान में मेडल प्रदान किए गए। यह आयोजन केवल भोपाल तक सीमित नहीं रहा। इसमें सहभागिता करने के लिए विदिशा, रायसेन और आसपास के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में युवा और प्रोफेशनल धावक पहुचे। प्रतिभागियों में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोग शामिल थे, जो ‘एकता की भावना’ (Spirit of Unity) को चरितार्थ कर रहे थे। देखिए 4 तस्वीरें…
सत्य साई सेवा समिति के जिला अध्यक्ष सजल श्रीवास्तव ने बताया आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य के लिए भी जागरूक हों। समिति की ओर से ‘स्प्रिट ऑफ यूनिटी’ रन के माध्यम से समाज को यह संदेश देने की कोशिश की है। नियमित व्यायाम और दौड़ से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता भी आती है। इस आयोजन के लिए सदस्यों काफी समय से तैयारी कर रहे थे। खासकर युवाओं ने समिति के सभी वरिष्ठों के मार्गदर्शन में इस जिम्मेदारी को संभाला और इतने बड़े आयोजन को सफल बनाया। इस यूनिटी रन की भव्यता, अनुशासन साथ ही आप सबकी सहजता वर्षों तक इस शहर के दिलों में रहेगी यह मेरा विश्वास है।


