पंजाब के फिरोजपुर छावनी में गली में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे की पीठ में गोली लगने का मामला सामने आया है। गोली लगने से बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद फरीदकोट रेफर कर दिया है। हालांकि गोली कैसे लगी है इसका कुछ पता नहीं लग पाया है। जबकि पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। अस्पताल पहुंचे व्यक्ति ने बताया कि फिरोजपुर कैंट की ग्वाल टोली में कल होली के दिन गली में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चा राज को गोली लग गई। उन्होंने बताया कि बच्चा एक स्कूटर के पास खड़ा था, तभी अचानक उसकी पीठ के निचले हिस्से में गोली लग गई। बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीठ के नीचे लगी गोली डाक्टर प्रीति के मुताबिक बच्चे की पीठ पर निचले हिस्से में गोली लगी है। जिसे प्राथमिक इलाज देने के बाद फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हालांकि परिवार यह पता नहीं लगा पाया है कि बच्चे को गोली कैसे लगी और कहां से चली। इस मामले को लेकर डीएसपी सुखविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में सामने आ पाएगा कि गोली कहां से और कैसे चली है।


