संजय तिवारी | अमृतसर प्रॉपर्टी कारोबारी से 30 लाख रुपए की फिरौती मंगवाने के आरोप में पकड़े गए कांग्रेस यूथ नेता आजाद सिंह के बारे में कई सारे खुलासे सामने आए हैं। आजाद सिंह ऐसे कांग्रेस के साथ कई बरसों से जुड़ा हुआ है मगर एक साल से बाबा बकाला में होने वाले कांग्रेस यूथ प्रधान के चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। आरोपी गांव बुटारी का रहने वाला है और इसके गैंगस्टर करन बाठ के साथ-साथ कई और गैंगस्टरों के साथ भी लिंक है। आजाद सिंह चुनाव में गैंगस्टरों की मदद ले रहा था। आजाद कारोबारियों का नंबर प्राप्त कर गैंगस्टरों को देकर फिरौती की मांग करवा रहा था। वहीं यह चुनाव में भी गैंगस्टरों से विपक्ष में खड़े होने वाले उम्मीदवार पर दबाव बनाने का प्लान कर रहा था। आरोपी से बरामद मोबाइल की जांच में गैंगस्टर करन बाठ के अलावा और भी नंबर मिले हैं। पुलिस सभी नंबरों की जांच कर रही है। आरोपी आजाद सिंह रईया रोड पर स्थित ऑल सीजन ढाबा का मालिक है और दूसरे बिजनेस में कई जगहों पर भाईवाल के तौर पर जुड़ा है। आरोपी आजाद बाबा बकाला के पूर्व कांग्रेस विधायक संतोख सिंह भलाईपुर का करीबी है। ज्यादातर आजाद पूर्व विधायक के साथ ही रहता था। पुलिस अब आरोपी के सभी संपर्कों को खंगाल रही है। आजाद के खिलाफ फिरौती मंगवाने का यह पहला मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक जांच में खुलासा होगा, कि क्या पहले भी आरोपी आजाद गैंगस्टरों के जरिए किसी ओर कारोबारियों से रंगदारी मंगवा चुका है की नहींपुलिस ने बताया कि आरोपी आजाद के घर की भी तालाशी ली जाएगी। इसके अलावा प्रॉपर्टी की भी जांच की जाएगी। अगर सामने कुछ आया तो आरोपी के खिलाफ आगे की बनती कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी आजाद के इसके किसी साथी का रोल है की नहीं उस एंगल से भी जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़ित कारोबारी दीपक से गैंगस्टर करन बाठ ने एक महीने में तकरीबन 8 बार कॉल करके फिरौती की रकम मांगी थी। यह सिलसिला 14 जनवरी से शुरू हआ था। गैंगस्टर करन बाठ कॉल कर पहले केशव शिवाला, फिर खुद का नाम और बाद में गैंगस्टर सत्ता नौशहरा, नाम बदल-बदलकर कॉल कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। आरोपी 30 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। एक शादी समारोह में बाबा बकाला के पूर्व कांग्रेस विधायक संतोख सिंह भलाईपुर के साथ आरोपी आजाद सिंह। (फाइल फोटो)


