फिर से शुरू हो रहे स्काईवॉक निर्माण को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

निर्माण की लागत में बढ़ोतरी पर भूपेश सरकार जिम्मेदार: मूणत पूर्व कैबिनेट मंत्री और रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने राजधानी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्काई-वॉक के निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए मिली प्रशासनिक स्वीकृति पर सीएम विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार माना। उन्होंने अड़ंगेबाजी करने वाली कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला है। मूणत ने कहा है कि अब इस काम की लागत में जो बढ़ोतरी होगी, उसके लिए कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार जिम्मेदार होगी और कांग्रेस इस जवाबदेही से कतई नहीं बच सकती। मूणत ने पत्रकारवार्ता में कहा कि डेवलपमेंट विजन के साथ स्काई-वॉक निर्माण डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में सरकार की प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन किया गया था। प्रदेश में भाजपा की सत्ता में वापसी के बाद जब मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के समक्ष इस बारे में डिटेल प्रेजेंटेशन दिया गया, तब इसके निर्माण को पूरा करने शेष 37 करोड़ रुपए की राशि आवंटन की गई। एक्सप्रेस-वे, स्काईवॉक भाजपा के भ्रष्टाचार की निशानी: शुक्ला प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्व मंत्री राजेश मूणत कितनी भी गलत बयानी कर ले रायपुर का एक्सप्रेस-वे, स्काईवॉक भाजपा की भ्रष्टाचार की स्मारक के रूप में छत्तीसगढ़ की जनता के सामने खड़ी है। तत्कालीन भाजपा सरकार के लोक निर्माण मंत्री मूणत द्वारा बिना किसी आवश्यकता के रायपुर शहर में एक स्काई वॉक बनाने का प्रोजेक्ट अपने रसूख का प्रयोग करके पास करवा दिया, जिसका कोई औचित्य या आवश्यकता ही नहीं थी। जनता द्वारा भी स्काई वॉक निर्माण के प्रोजेक्ट को लेकर तत्कालीन सरकार का विरोध किया गया था और मंत्री मूणत के मंसूबों को लेकर प्रश्न चिन्ह लगाया गया था। उक्त प्रोजेक्ट तत्कालीन भाजपा सरकार और लोक निर्माण विभाग के मंत्री रहे मूणत के भ्रष्टाचार के जीते जागते उदाहरण के रूप में रायपुर में मौजूद हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *