जियाे स्टूडियोज की नई फिल्म ‘कौशल जी वर्सेज कौशल’ आगामी 21 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में अनुभवी कलाकार अशुतोष राणा, शीबा चड्ढा, पवैल गुलाटी और ईशा तलवार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म में जयपुर के अभिनेता ऋषभ जोशी भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में ऋषभ जोशी ‘केतन’ नामक किरदार निभा रहे हैं, जो अभिनेता पवैल गुलाटी के ऑफिस फ्रेंड के रूप में नजर आएंगे। ऋषभ इससे पहले जी और सोनी के कई टीवी शोज में भी काम कर चुके हैं और जल्द ही उनकी वेब सीरीज ‘Dhat Teri’ भी रिलीज होने वाली है। ऋषभ ने बताया कि ‘कौशल जी वर्सेज कौशल’ एक हल्की-फुल्की पारिवारिक कॉमेडी फिल्म है, जो माता-पिता और बच्चों के बीच के जनरेशन गैप को दिखाती है। फिल्म में दिखाया गया है कि जब माता-पिता मॉर्डन बनने की कोशिश करते हैं, तो परिवार में टकराव की स्थिति कैसे पैदा होती है। ऋषभ जोशी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत जवाहर कला केंद्र (JKK) और रवींद्र मंच से थिएटर करके की थी। अब वे फिल्मों और वेब सीरीज के जरिए अपनी पहचान बना रहे हैं। यह फिल्म 21 फरवरी से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।


