अलवर में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में यादव समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘यादव जी की लव स्टोरी नहीं चलेगी’ तथा ‘लव जिहाद बंद करो’ जैसे नारे लगाए। जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय पर यादव समाज के लोगों ने गुरुवार को यह प्रदर्शन किया। बाद में एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा गया। यादव समाज के अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने बताया- 27 फरवरी को फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ रिलीज होगी। उनका आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की लड़की के चित्रण से छवि खराब होती है और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। उन्होंने कहा- यादव समाज ऐसी किसी घटना से जुड़ा नहीं है, जैसा फिल्म में दिखाया गया है। उन्होंने इसे समाज को बदनाम करने की कोशिश बताया। यादव समाज के अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म अलवर में रिलीज हुई तो वे सिनेमाघरों में जाकर भी विरोध दर्ज कराएंगे। सिनेमाघरों में भी दर्ज कराएंगे विरोध
प्रदर्शनकारियों ने कहा- फिल्म में उनके सरनेम का उपयोग कर कहानी बनाई गई है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे। उनका कहना है कि यदि समाज पर फिल्म बनानी है तो ऐतिहासिक और वीरता से जुड़े विषयों जैसे महाभारत या रणगाथाओं पर बनाई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फिल्म अलवर में रिलीज हुई तो वे सिनेमाघरों में जाकर भी विरोध दर्ज कराएंगे। बताया गया कि इससे पहले टपूकड़ा क्षेत्र में भी इस फिल्म का विरोध हो चुका है। अलवर जिला मुख्यालय पर बुधवार को सैकड़ों लोग फिल्म के विरोध में एकत्रित हुए और प्रशासन से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।


