भास्कर न्यूज | बालोद कथित विवादित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में सर्व यादव समाज के बैनर तले दुर्ग में प्रदर्शन किया गया। समाजजनों ने इसे जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताते हुए आंदोलन का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार उक्त फिल्म के विरोध में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष फिल्म विकास परिषद नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ शासन के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर दुर्ग के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यादव समाज सदैव राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में अग्रणी रहा है। यदि किसी भी माध्यम से समाज की प्रतिष्ठा आहत होती प्रतीत होती है, तो स्वाभाविक रूप से व्यापक स्तर पर पीड़ा और आक्रोश उत्पन्न होता है। समाजजनों ने शासन से इस विषय पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की मांग की है। यादव समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में छत्तीसगढ़ सहित देशभर के करोड़ों समाजजनों के बीच चिंता, असंतोष और रोष का वातावरण बन रहा है। समाज के मधुकांत यदु ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान मनोज यादव, मनीष यादव, महेश यादव, रोशन यादव, नीरज यादव, ऋषि यादव, गोविंदा लखन यादव, हिमांशु यादव उपस्थित रहे।


