हंबड़ा के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में गंदगी और अस्वच्छ माहौल में आइसक्रीम तैयार की जा रही थी। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देश पर बुधवार को सिविल सर्जन डॉ. रमंदीप कौर के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। फैक्ट्री के अंदर चारों ओर कचरा फैला था, काम करने की जगह बेहद गंदी थी और खाने की चीजें बेहद खराब सफाई में तैयार हो रही थीं। टीम ने मौके से आइसक्रीम के दो सैंपल लेकर जांच के लिए स्टेट फूड लैब भेज दिए हैं। फैक्ट्री प्रबंधन को मौके पर ही फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट 2006 के तहत चालान किया गया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री की हालत देख टीम के अधिकारी भी हैरान रह गए। मशीनों पर जमी गंदगी, खुले में पिघलती आइसक्रीम और चारों ओर बदबू फैली हुई थी। टीम ने स्पष्ट किया कि इस तरह के हालात में तैयार आइसक्रीम उपभोक्ताओं की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत कौर ने कहा कि किसी भी कीमत पर सार्वजनिक स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी खाद्य कारोबारी साफ-सफाई का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई के नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है। विभाग ने भरोसा दिलाया कि लोगों तक सिर्फ सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही पहुंचाई जाएगी। जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।


