लुधियाना में फेयरवेल पार्टी के नाम पर छात्रों द्वारा सड़कों पर हुल्लड़बाजी करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शहर के व्यस्ततम इलाके फिरोजपुर रोड से सामने आया है जहाँ कुछ रईसजादों ने जश्न के नाम पर न केवल ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं बल्कि राहगीरों की जान को भी जोखिम में डाला।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लुधियाना ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और पांच लग्जरी गाड़ियों के चालान काट दिए हैं। हूटर, लाउड म्यूजिक और खिड़कियों से बाहर लटके छात्र सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र फेयरवेल के बाद अपनी कारों में सवार होकर सड़क पर तांडव मचा रहे थे। इन गाड़ियों पर अवैध रूप से लाल-नीली लाइटें और हैवी साउंड सिस्टम लगाए गए थे। छात्र चलती गाड़ियों की खिड़कियों और सनरूफ से बाहर निकलकर शोर मचा रहे थे जिससे पीछे चल रहे वाहन चालकों में डर का माहौल पैदा हो गया। पुलिस का ‘होम डिलीवरी’ एक्शन घर जाकर दी चेतावनी ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ियों के नंबर ट्रेस किए और सीधे उनके मालिकों के घर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में 3 इनोवा 1 स्विफ्ट और 1 SUV के खिलाफ कार्रवाई की है। और न केवल भारी-भरकम चालान काटे गए बल्कि बच्चों और उनके परिजनों को सख्त चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अगली बार ऐसी गलती होने पर गाड़ी जब्त करने के साथ -साथ लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। यह एन्जॉयमेंट नहीं,मौत को बुलावा है ACP ट्रैफिक मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ट्रैफिक गुरुदेव सिंह ने दोटूक शब्दों में कहा कि बच्चे इसे अक्सर शो-ऑफ या मनोरंजन समझते हैं लेकिन यह दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ है। फेयरवेल का जश्न मनाना गलत नहीं है लेकिन सड़क पर स्टंट करना और नियमों को तोड़ना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खुदा ना खास्ता अगर कोई अनहोनी हो जाए तो इसका ताउम्र दर्द सिर्फ उन बच्चों के माता-पिता को झेलना पड़ेगा। हमारी टीम सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है। पुलिस प्रशासन ने पेरेंट्स से अपील की है कि वे नाबालिग या बिना अनुभव वाले बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए गाड़ियां न दें। बच्चों की छोटी सी जिद बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि हुल्लड़बाजो को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।


