लुधियाना| इंडस्ट्रियल एरिया-सी में स्थित एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री को शातिर चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के तांबे और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात 17 फरवरी की रात की है, जब तीन अज्ञात युवक फैक्ट्री के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। फैक्ट्री मालिक विकास , निवासी बसंत सिटी पक्खोवाल रोड, ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह कॉलोनी स्थित उनकी यूनिट ‘छिब इम्पोर्ट एंड एक्सपोर्ट’ में चोर पहले मुख्य गेट और दफ्तर के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने स्टोर रूम में रखा करीब 500 किलो कॉपर गाड़ी में भर लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ऑफिस की अलमारियों और दराजों को भी तोड़ डाला और उसमें रखा कैश निकाल लिया। मौजूदा बाजार भाव के अनुसार चोरी गए तांबे की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। सुबह जब कर्मचारी फैक्ट्री पहुंचे तो ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद फैक्ट्री मालिक को सूचना दी गई और तुरंत पुलिस को बुलाया गया। थाना साहनेवाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में हुई इस वारदात के बाद इंडस्ट्रियल एरिया के कारोबारियों में चिंता का माहौल है।


