लुधियाना|एचवीएम ग्लोबल स्कूल में नर्सरी और प्री-नर्सरी कक्षा में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों के स्वागत के लिए रंगारंग फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। रैंप वॉक से शुरू हुए इस कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ मंच पर कदम रखा और सभी का मन मोह लिया। इसके बाद बच्चों ने जोशभरे नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। मुख्य आकर्षण के रूप में केक काटकर इस नई शुरुआत को मीठी यादों में बदला गया। स्कूल की प्रिंसिपल प्रगति कपूर ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि बच्चों को यह अहसास दिलाने का माध्यम है कि वे हमारे लिए कितने खास हैं। चेयरमैन डीपी शर्मा, चेयरपर्सन मीना शर्मा और निदेशिका राधिका जैन ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह देखने लायक था।


