भास्कर न्यूज | चित्तरंजन पश्चिम बर्धमान जिले के मनहरा गांव में उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब बंगभूषण सम्मान से अलंकृत नंदलाल बाउरी को बधाई देने के लिए बाराबनी के विधायक विधान उपाध्याय के प्रतिनिधि उनके आवास पहुंचे। विधायक की ओर से एक आकर्षक स्मृति-चिह्न भेंट किया गया, जिस पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी तथा विधायक की तस्वीर अंकित थी। इस अवसर पर पश्चिम बर्धमान जिला परिषद के कर्माध्यक्ष एवं सालानपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद अरमान तथा सालानपुर पंचायत समिति के अध्यक्ष कैलाशपति मंडल उपस्थित रहे। उन्होंने नंदलाल बाउरी को शॉल और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मान व्यक्त किया। सम्मान पाकर भावुक हुए नंदलाल बाउरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों बंगभूषण प्राप्त करना उनके जीवन का गौरवपूर्ण क्षण है। यह सम्मान उन्हें समाज और शोध कार्यों में और अधिक समर्पण के साथ जुटने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विधायक विधान उपाध्याय को उदार और संवेदनशील जनप्रतिनिधि बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।


