कोरबा| करतला के बांधापाली गांव में बंद पड़े गौठान के गेट के सामने बुधवार सुबह स्थानीय निवासी बहादुर सिंह अगरिया (50) की लाश संदिग्ध परिस्थिति में मिली। मृतक के चेहरे के पास जलने का निशान था और एक पैर टूटा हुआ था। लाश मिलने के बाद ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी। फिर करतला थाने में भी सूचना दी। पुलिस के अलावा फॉरेंसिक विशेषज्ञ की टीम मौके पर पहुंची, जहां घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। मामले में ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि फॉरेंसिक टीम ने प्रारंभिक जांच के आधार पर करंट की वजह से मौत प्रतीत होना बताया है। करतला पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।


