बंद दुकान से शराब बेचने पर विवाद:परशुराम चौराहा पर ठेकेदार के कर्मचारियों ने दो युवकों को पीटा; पुलिस ने बचाकर थाने पहुंचाया

शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित परशुराम चौराहे के पास बुधवार दोपहर होली के दिन एक शराब दुकान पर विवाद हो गया। बंद के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने और ओवररेट को लेकर शराब ठेकेदार के कर्मचारियों और दो युवकों के बीच मारपीट हुई। विवाद में शराब की बोतलें फूटीं और ठेकेदार की कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को भीड़ से बचाया और थाने ले जाकर मामला शांत कराया। जानकारी के मुताबिक, होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आबकारी विभाग ने शहर की सभी शराब दुकानों को सुबह से दोपहर 4 बजे तक बंद रखने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद शराब ठेकेदार कामेश शिवहरे द्वारा नियम विरुद्ध अस्थाई अहाते से सुबह से ही शराब बेची जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे अवैध रूप से शराब बिक्री का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। ओवररेट शराब देने की बात पर भड़की मारपीट शराब मिलने की सूचना पर अमित सेंगर अपने एक साथी के साथ दोपहर करीब 2 बजे दुकान पर पहुंचा। यहां ठेकेदार के कर्मचारियों ने उन्हें ओवररेट पर शराब देने की बात कही। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। विवाद के दौरान मौके पर शराब की बोतलें फोड़ी गईं और हंगामे में ठेकेदार की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने भीड़ से निकाला, थाना प्रभारी बोलीं- एफआईआर होगी घटना की सूचना मिलते ही फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी ठेकेदार के कर्मचारी दोनों युवकों के साथ मारपीट करते नजर आए। पुलिस ने जैसे-तैसे दोनों युवकों को भीड़ से बचाया और उन्हें पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गई। फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदोरिया ने बताया कि बंद शराब की दुकान से शराब देने की बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *