बंद प्लांट के गड्ढे में डूबने से 13 साल के बच्चे की हुई मौत

दंतेवाड़ा| जिले के गीदम थाना क्षेत्र में नागलु सड़क किनारे स्थित एक बंद पड़े क्रशर प्लांट में भरे पानी में डूबने से 13 साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना बुधवार की बताई जा रही है। मृत बच्चे की पहचान आदर्श वाघमारिया (13) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आदर्श अपने कुछ दोस्तों के साथ क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका एक साथी गहरे पानी में डूबने लगा। दोस्त को डूबता देख आदर्श उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में उतर गया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह खुद भी डूब गया। जिस बच्चे को बचाने वह उतरा था, वह सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। कुछ देर की तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंद पड़े क्रशर प्लांट के गड्ढे में लंबे समय से पानी भरा हुआ है, जो आसपास के बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *